अधिकारियों की सुध लेने नहीं पहुंचने से छात्रों में नाराजगी, पांच सूत्री मांगों को लेकर महाविद्यालय का पठन-पाठन ठप
बोरियो। शिबू सोरेन जनजातीय इंटर महाविद्यालय, बोरियो में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर छात्रों का तालाबंदी एवं अनिश्चितकालीन आंदोलन रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। पेयजल, बिजली, शौचालय, जर्जर छात्रावास के सुदृढ़ीकरण और नियमित पठन-पाठन की व्यवस्था सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर विद्यार्थी शनिवार से आंदोलनरत हैं। आंदोलन के दूसरे दिन भी संबंधित अधिकारियों के सुध लेने नहीं पहुंचने से छात्रों में नाराजगी बनी हुई है।
‘हमारी मांग जरूरत और अधिकार है, भीख नहीं :
छात्र सुनील बास्की ने कहा कि विद्यार्थियों की पांच सूत्री मांगें उनकी बुनियादी जरूरत और अधिकार हैं, न कि कोई भीख। इसके बावजूद इन मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। महाविद्यालय प्रशासन, अधिकारी और जनप्रतिनिधि छात्रों की समस्याओं के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
जर्जर छात्रावास की स्थिति चिंताजनक, मांगें पूरी होने तक आंदोलन :
वहीं, अभाविप कार्यकर्ता एवं महाविद्यालय के छात्र पीयूष दत्ता ने कहा कि विद्यार्थियों को पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विद्यार्थियों से विकास शुल्क लिया जाता है, तो उन्हें जरूरी सुविधाएं क्यों नहीं मिल रही हैं। उन्होंने छात्रहित में आंदोलन जारी रखने की बात कही।
आंदोलन के दौरान पटवारी मरांडी, सिमोन मुर्मू, दीपक कुमार, मनोज हांसदा, निखिल राज, रौशन दत्त, प्रवीण कुमार, अभाविप विभाग संयोजक संजय दादा सहित दर्जनों विद्यार्थी मौजूद रहे।



