रेलवे स्टेशन चौक और रिसौड़ मोड़ पर प्रदर्शन, गम्हरिया थाना कांड की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग
बरहरवा/साहिबगंज। गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के विरोध में रविवार देर शाम बरहरवा रेलवे स्टेशन चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर अध्यक्ष राजकुमार भगत के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
थाने में महिला की सुरक्षा पर उठाए सवाल :
राजकुमार भगत ने कहा कि 29 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराने पहुंची महिला के साथ थाने में तैनात सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप है। वरिष्ठ नेता कमलकृष्ण भगत ने कहा कि थाने जैसे सुरक्षित स्थान पर ऐसी घटना सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष तारक घोष के नेतृत्व में रिसौड़ मोड़ पर भी पुतला दहन किया गया। मौके पर जिला संगठन प्रभारी अमृत पांडे, ललिता पासवान, बापी, निर्मल प्रसाद, संजीव गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।



