बारिश के पानी से ट्रैक को होने वाले नुकसान और परिचालन बाधित होने की समस्या से मिलेगी राहत
बरहरवा/साहिबगंज। बरहरवा रेलवे लोडिंग साइडिंग में रेल ट्रैक की सुरक्षा और जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए रेलवे द्वारा करीब एक किलोमीटर लंबे ड्रेनेज का निर्माण कराया जा रहा है। रेलवे साइडिंग का ट्रैक पश्चिम दिशा में पहाड़ की तलहटी तक बिछा है, जहां बारिश के दौरान अक्सर पानी जमा हो जाता है। इससे शंटिंग लाइन पर परिचालन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।
जलजमाव से ट्रैक को होता है नुकसान :
इस संबंध में आईओडब्ल्यू इंचार्ज प्रमोद पासवान ने बताया कि ड्रेनेज का निर्माण रेलवे द्वारा चयनित एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा है। बारिश का पानी ट्रैक पर जमा होने से उसकी मजबूती प्रभावित होती है और रेल परिचालन में बाधा आती है। ड्रेनेज बनने से बारिश के पानी की निकासी सुचारु होगी। इससे जलजमाव की समस्या कम होने के साथ ट्रैक की सुरक्षा बढ़ेगी और संभावित दुर्घटनाओं का जोखिम भी घटेगा।



