साहिबगंज में दो पालियों में 9,808 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 1,577 रहे अनुपस्थित
प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच कदाचारमुक्त परीक्षा का आयोजन, डीसी ने केंद्रों का निरीक्षण कर लिया व्यवस्था का जायजा
साहिबगंज। झारखंड अधिविध परिषद, रांची की ओर से रविवार को आयोजित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 जिले के सभी 22 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा में दोनों पालियों को मिलाकर कुल 11,385 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 9,808 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1,577 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई थी। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
44 स्टैटिक दंडाधिकारी और तीन उड़नदस्ता दल रहे तैनात :
परीक्षा को निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिले के सभी 22 केंद्रों पर 44 स्टैटिक दंडाधिकारी, 12 गश्ती दंडाधिकारी तथा तीन उड़नदस्ता दल तैनात किए गए थे। इनके साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गई थी। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी की गई।

प्रथम पाली में कुल 8,512 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7,202 उपस्थित हुए, जबकि 1,310 अनुपस्थित रहे। वहीं, द्वितीय पाली में 2,873 अभ्यर्थियों में से 2,606 ने परीक्षा दी और 267 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 9,808 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
सामूहिक प्रयास से सफल हुआ परीक्षा का आयोजन :
परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होने पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस बल तथा परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास, सजगता और जिम्मेदारी के कारण जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का सफलतापूर्वक आयोजन संभव हो सका।



