नोटिस, मतदाता सूची सत्यापन और जरूरी कागजात को लेकर किया गया मार्गदर्शन
बरहरवा। बरहरवा प्रखंड की बड़ासोनकर पंचायत के बड़ासोनकर गांव में बुधवार को एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सहायता कैंप लगाया गया। कैंप का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने किया। एसआईआर के मास्टर ट्रेनर मुरसलीन खान भी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर कई लोगों में जानकारी का अभाव और भ्रम की स्थिति थी। कुछ लोगों को अब तक एसआईआर नोटिस नहीं मिलने की बात भी सामने आई। इसके बाद बरकत खान और मुरसलीन खान ने टीम के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें प्रक्रिया की जानकारी दी।
नोटिस नहीं मिलने वालों को बीएलओ से दिलाया गया
कैंप में ग्रामीणों को एसआईआर नोटिस के महत्व, मतदाता सूची में नाम के सत्यापन और जरूरी दस्तावेजों के बारे में बताया गया। नोटिस मिलने पर निर्धारित समय और स्थान पर संबंधित पदाधिकारी के समक्ष आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने की जानकारी दी गई। जिन ग्रामीणों को नोटिस नहीं मिला था, उन्हें बीएलओ के माध्यम से नोटिस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। मौके पर कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



