बोकारो एसडीओ के अंगरक्षक समेत दो आरोपी हिरासत में, पुराने विवाद को लेकर हत्या की आशंका; चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
साहिबगंज। दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी और खुशियों के जश्न में डूबा था, उसी दौरान जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक के समीप गोलियों की आवाज से इलाके में सनसनी फैल गई। काली पूजा पंडाल से कुछ दूरी पर कैटरिंग का कार्य करने वाले 45 वर्षीय मुन्ना साह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में बोकारो में पदस्थापित एक पुलिस जवान पवन कुमार साह समेत दो आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पवन कुमार साह बोकारो एसडीओ के अंगरक्षक के रूप में कार्यरत था। घटना के बाद पूरे शहर में चर्चा और आक्रोश का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, पोखरिया निवासी मुन्ना साह दीपावली की रात पोखरिया में स्थापित मां काली की प्रतिमा के दर्शन करने निकले थे। इसी दौरान पूर्वी फाटक के समीप कथित तौर पर पवन कुमार साह और उसके सहयोगी ने उन्हें घेर लिया और गोली चला दी। बताया जा रहा है कि दो गोलियां चलाई गईं, जिनमें एक मुन्ना साह के सिर में लगी, जबकि दूसरी गोली उनके एक सहयोगी के हाथ में लगने की बात सामने आई है। गोली लगते ही मुन्ना गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुराने विवाद को लेकर हत्या की आशंका
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुख्यालय डीएसपी रविकांत साह ने बताया कि दीपावली की रात पोखरिया निवासी मुन्ना साह की गोली मारकर हत्या की गई है। मामले में पूछताछ के लिए आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इनमें पवन कुमार साह भी शामिल है, जो बोकारो पुलिस बल में कार्यरत था और बोकारो एसडीओ के अंगरक्षक के रूप में पदस्थापित था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद की बात सामने आई है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
वहीं, परिजनों का आरोप है कि करीब डेढ़ से दो महीने पहले साहिबगंज रेलवे स्टेशन परिसर में शराब पिलाने की मांग को लेकर मुन्ना साह और पवन कुमार साह के बीच कहासुनी हुई थी। परिजनों को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के कारण वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि इस विवाद और हत्या के बीच संबंध की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मुन्ना साह की मौत से उनका पूरा परिवार बिखर गया है। पत्नी रूबी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि उनके चार बच्चे हैं और परिवार में एक वृद्ध मां भी हैं, जो हृदय रोग से पीड़ित हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी मुन्ना साह के कंधों पर थी। उन्होंने हाल ही में अपनी मां के इलाज पर लाखों रुपये खर्च कर कोलकाता में उनका उपचार कराया था। परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य खोने के बाद पत्नी, बच्चों और वृद्ध मां के सामने भविष्य का संकट खड़ा हो गया है।बिलखती पत्नी ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह उनके पति की हत्या की गई है, आरोपियों को भी कड़ी सजा मिलनी चाहिए। गहरे आक्रोश में उन्होंने आरोपी को भी मार दिए जाने की मांग की। परिवार का कहना है कि उन्हें न्याय के साथ-साथ बच्चों के भविष्य और परिवार की सुरक्षा की भी चिंता सता रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शहरवासियों की निगाहें अब पुलिस की आगे की कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हैं। मुन्ना साह के परिजन न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं उनके चार बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार की चिंता भी बढ़ गई है।



