धनतेरस को लेकर साहिबगंज के बाजारों में खासा उत्साह है। इस बार करीब 50 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है। सोने-चांदी के आभूषणों, वाहनों और इलेक्ट्रॉनिक सामानों की खरीदारी को लेकर ग्राहकों में खास दिलचस्पी देखी जा रही है।
साहिबगंज : प्रकाश पर्व दीपावली और धनतेरस को लेकर साहिबगंज जिले में बाजार की रौनक बढ़ गई है. इस बार जिले में करीब 40 से 50 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है. शोरूम संचालकों और स्वर्ण दुकानदारों के अनुसार, अकेले सोने-चांदी के आभूषणों और वाहनों के कारोबार से करीब 25 से 30 करोड़ रुपये की खरीदारी होने की उम्मीद है. धनतेरस को लेकर बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है और दुकानदारों ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
सोने की कीमत 1.33 लाख के पार, चांदी के आभूषणों की भी मांग

एसके ज्वैलर्स के प्रोपराइटर संजय कुमार स्वर्णकार ने बताया कि धनतेरस के मौके पर सोने-चांदी के आभूषणों की मांग में जबरदस्त वृद्धि हुई है. 10 ग्राम सोने की कीमत 1,33,800 रुपये तक पहुंच गई है, जबकि सबसे किफायती आभूषण 15 हजार रुपये से शुरू हो रहे हैं. चांदी के आभूषणों की कीमत 1,500 रुपये से शुरू होकर लाखों रुपये तक जा रही है. वहीं, चांदी की दर 2,100 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
दुकानों को दुल्हन की तरह सजाया, ग्राहकों को लुभा रहे ऑफर
धनतेरस को लेकर बाजार, पटेल चौक, बांटा रोड, स्टेशन चौक, ग्रीन होटल, कॉलेज रोड, चैती दुर्गा रोड, पूर्वी फाटक और जिरवाबाड़ी के दर्जनों दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया है. ज्वेलरी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और मूर्ति दुकानदारों ने सड़क किनारे पंडाल लगाकर सामानों की प्रदर्शनी लगाई है. बाइक शोरूम और ऑटोमोबाइल सेक्टर के अलावा इलेक्ट्रॉनिक गुड्स, फर्नीचर और बर्तनों की भी अच्छी खरीदारी होने की उम्मीद है.
50 कारों की एडवांस बुकिंग, 445 बाइक और स्कूटी की भी बुकिंग
ऑटोमोबाइल बाजार में भी धनतेरस को लेकर खास उत्साह है. चार कार कंपनियों के आउटलेट शोरूम में अब तक 50 कारों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है. वहीं, धनतेरस के लिए अब तक 445 बाइक और स्कूटी की बुकिंग की गई है. इस बार विभिन्न कंपनियों की करीब 750 बाइक और स्कूटी बेचने का लक्ष्य रखा गया है. इनमें बजाज की 20, टीवीएस की 50, होंडा की 150, हीरो की 150 और बुलेट की 75 बाइक की बुकिंग शामिल है.
फ्रिज, वाशिंग मशीन से लेकर बर्तनों तक की खरीदारी
वाहनों के अलावा लोग फ्रिज, वाशिंग मशीन, इनवर्टर और मिक्सर जैसी घरेलू वस्तुओं की भी खरीदारी कर रहे हैं. कुछ ग्राहक सामान की बुकिंग कराकर दुकानों में ही छोड़ रहे हैं, जबकि कुछ धनतेरस के दिन खरीदारी कर घर ले जाने की तैयारी में हैं. पीतल और एल्यूमिनियम के बर्तन भी ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजार में उत्साह चरम पर है और व्यापारी आकर्षक ऑफरों के जरिए ग्राहकों को लुभा रहे हैं.
धनतेरस से पहले ऑटोमोबाइल बाजार में बढ़ी रौनक
धनतेरस को लेकर जहां सर्राफा बाजार में रौनक बढ़ी है, वहीं ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी मांग तेज है. शहर के चारपहिया और दोपहिया वाहन शोरूम में लोगों ने अपनी पसंद की कार और मोटरसाइकिल की बुकिंग कराई है. ग्राहक धनतेरस के दिन वाहन घर लाकर पूजा-अर्चना करना चाहते हैं. हालांकि, कुछ शोरूम में वाहनों की डिलीवरी पहले ही शुरू हो गई है.



