एबीवीपी से शुरू हुआ सफर, भाजपा संगठन में कई अहम दायित्व संभाल चुके हैं राजमहल के पूर्व विधायक
साहिबगंज। संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी ने देशभर के 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों के लिए प्रदेश प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों की नई नियुक्तियां की हैं। पार्टी की जारी सूची के अनुसार उत्तर प्रदेश का प्रभारी विनोद तावड़े को बनाया गया है, जबकि जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
एबीवीपी से भाजपा संगठन तक लंबा सफर:
राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की। इसके बाद भाजपा में शामिल होकर युवा मोर्चा से लेकर प्रदेश संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। वे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री के दायित्व पर भी रहे। इसके बाद वर्ष 2014 से चुनावी राजनीति में सक्रिय हुए और राजमहल विधानसभा क्षेत्र से लगातार दो बार विधायक निर्वाचित हुए।
विभिन्न राज्यों में संभाल चुके हैं संगठन की जिम्मेदारी
अनंत ओझा को भाजपा की ओर से झारखंड के अलावा अन्य राज्यों में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी जाती रही हैं। पार्टी से जुड़े उनके परिचय के अनुसार उन्होंने छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और बिहार में भी संगठनात्मक कार्यों में भूमिका निभाई है। भागलपुर विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान भी उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
अब भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की संगठनात्मक टीम में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी है। पार्टी की सूची में उनके साथ डॉ. प्रदीप वर्मा सहित तीन अन्य नेताओं को भी यूपी का सह-प्रभारी बनाया गया है।



