आरटीआई से मामला उठाने वाले सिद्धेश्वर मंडल ने सचिव को दोबारा भेजा आवेदन, कार्रवाई की मांग
साहिबगंज। बोरियो प्रखंड के पुलिस लाइन स्थित मध्य विद्यालय परिसर में संचालित झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिकायतकर्ता सिद्धेश्वर मंडल ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव को दोबारा आवेदन भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
सिद्धेश्वर मंडल के आवेदन के अनुसार, विभाग के प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने 5 मई 2026 को पत्र जारी कर विद्यालय परिसर में संचालित झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित करने का निर्देश दिया था। पत्र में विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक हित, सुरक्षा और नियमित शैक्षणिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए कार्यालय को स्थानांतरित करने की आवश्यकता बताई गई थी।
विद्यालय परिसर के उपयोग पर उठाए सवाल :
आवेदन में कहा गया है कि विद्यालय परिसर का प्राथमिक उपयोग शैक्षणिक गतिविधियों के लिए होना चाहिए। परिसर में अलग प्रशासनिक कार्यालय संचालित होने से बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने और विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं निजता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
दोबारा कार्रवाई की मांग :
सिद्धेश्वर मंडल का कहना है कि विभागीय निर्देश के बावजूद करीब पांच महीने बीतने पर भी स्थानांतरण की कार्रवाई स्पष्ट नहीं है। इसी को लेकर उन्होंने दोबारा आवेदन भेजकर संबंधित अधिकारियों से मामले की समीक्षा करने और परियोजना कार्यालय को किसी उपयुक्त वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। अब यह देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।



