22 नवंबर से शुरू होगा अभियान, पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
बरहरवा। पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सरिता टुडू की अध्यक्षता में सहियाओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें बरहरवा प्रखंड के रतनपुर, पतना, दरियापुर, श्रीकुंड और मधुवापाड़ा क्लस्टर की सहियाओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान सहियाओं को अभियान के संचालन, लक्षित बच्चों की पहचान और पोलियो की खुराक पिलाने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। सभी सहियाओं को अविलंब शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का हेड काउंट सर्वे पूरा करने का निर्देश दिया गया, ताकि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा छूटने न पाए।
बूथ दिवस पर 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश :
प्रशिक्षण शिविर में सहियाओं को बूथ दिवस पर लक्षित बच्चों में कम से कम 90 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य दिया गया। इसके साथ ही अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों के बीच समन्वय और जागरूकता पर जोर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पल्स पोलियो अभियान 22 नवंबर से शुरू होगा। पहले दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 और 24 नवंबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बच्चों को दवा पिलाने का कार्य किया जाएगा।
स्वास्थ्यकर्मी रहे मौजूद :
प्रशिक्षण शिविर में डॉ. अखिलेश कुमार महतो, बीपीएम संजय कुमार सिंह, डब्ल्यूएचओ के सुबोध शर्मा, रासबिहारी दास, श्रवण सोरेन, इंदुबाला कुमारी, मनीरा खातून, सरस्वती कुमारी, फिरदौसी खातून सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।



