बोरियो-साहिबगंज मुख्य पथ पर तेतरिया के समीप हादसा, पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भेजा
बोरियो। बोरियो थाना क्षेत्र के बोरियो-साहिबगंज मुख्य पथ पर तेतरिया के समीप बुधवार को दो टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ग्राम प्रधान दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, तालझारी थाना क्षेत्र के बालकों पहाड़ निवासी ग्राम प्रधान सुरजा पहाड़िया (35) अपनी पत्नी बुधनी पहाड़िन (30) के साथ टेंपो से साहिबगंज से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेतरिया के समीप विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे टेंपो से उनकी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में सुरजा पहाड़िया, उनकी पत्नी बुधनी पहाड़िन और मसकलिया निवासी कृष्णा मंडल (39) घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को भेजा अस्पताल :
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।



