समशेरगंज में जमीन पर अवैध कब्जे के पुराने मामले में TMC नेता अब्दुल सलाम उर्फ कटा गिरफ्तार, आरोपी ने खुद को बताया निर्दोष।
फरक्का. मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना क्षेत्र के भाशैपैकड़ निवासी तृणमूल कांग्रेस के प्रखंड युवा नेता अब्दुल सलाम उर्फ कटा को पुलिस ने बीती रात एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया है. उन्हें पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक अमीरुल इस्लाम का करीबी माना जाता है. गिरफ्तारी की खबर फैलते ही समशेरगंज क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.
अवैध रूप से जमीन कब्जा कर मकान बनाने का आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को गुरुवार को जंगीपुर अदालत में पेश किया गया. समशेरगंज थाना के आइसी कुणाल कांति दास ने बताया कि आरोपी के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान कथित तौर पर अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर मकान निर्माण करने का मामला दर्ज था. इसी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है.
अब्दुल सलाम ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बातचीत में अब्दुल सलाम उर्फ कटा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि उन्हें साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाया गया है. समय आने पर वह इसका जवाब देंगे.



