छठ पर्व को लेकर रांची में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, 15-16 नवंबर को भारी वाहनों की नो एंट्री और कई मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
रांची: छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रांची पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है. इसके तहत 15 और 16 नवंबर को शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर समय निर्धारित कर रोक लगायी गयी है. वहीं, 15 नवंबर को शहर की कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. कुछ मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है.
ट्रैफिक एसपी ने जारी की सूचना
यातायात व्यवस्था से संबंधित सूचना पुलिस अधीक्षक (यातायात), रांची के कार्यालय से जारी की गयी है. इसमें कहा गया है कि 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. हालांकि, ऐसे वाहन रिंग रोड से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. इसके अलावा 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों का भी शहर में प्रवेश और परिचालन बंद रहेगा.
चांदनी चौक से राम मंदिर तक ऑटो और ई-रिक्शा पर रोक
- 15 नवंबर को दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक चांदनी चौक कांके से राम मंदिर के बीच ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
- फिरायालाल से बड़ा तालाब और जेल चौक से फिरायालाल जाने वाली सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
- रणधीर वर्मा चौक से राजभवन की ओर जाने वाली सड़क और सीएमपीडीआइ चौक से कांके डैम की ओर जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
- औघड़ बाबा आश्रम, छोटा तालाब और उर्दू लाइब्रेरी से बड़ा तालाब की ओर जाने वाली सड़क पर भी सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी.
इन मार्गों पर भी नहीं चलेंगे वाहन
- जैन मंदिर कटिंग और महिला मारवाड़ी कॉलेज से बड़ा तालाब की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
- लक्ष्मीनारायण मंदिर से ओधड़ बाबा आश्रम की ओर जाने वाली सड़क पर भी सभी प्रकार के वाहन नहीं चलेंगे.
- ज्यूडिशियल अकादमी और सिटी बस्ती (अंजली होटल) से धुर्वा डैम छठ घाट की ओर जाने वाली सड़क पर भी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
- आवश्यकता के अनुसार अन्य मार्गों पर भी थोड़े समय के लिए वाहनों को डायवर्ट या रोका जा सकता है.
छठ घाट जाने वालों के लिए 13 जगहों पर पार्किंग
छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गयी है.
- रणधीर वर्मा चौक से हटिया तालाब मार्ग पर नगर निगम पार्क के सामने और सड़क किनारे.
- एसएसपी आवास चौक से हटिया तालाब जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे.
- जाकिर हुसैन पार्क से हटिया तालाब जाने वाले मार्ग पर नवनिर्मित शौचालय के सामने सड़क किनारे और वेजिटेबल मार्केट पार्किंग.
- राम मंदिर से कांके डैम जाने वाले मार्ग पर सीएमपीडीआई और गांधी नगर के पास पार्किंग.
- शालीमार बाजार से छठ तालाब जाने वाले मार्ग पर शालीमार बाजार में और शहीद मैदान से छठ तालाब जाने वाले मार्ग पर शहीद मैदान में पार्किंग की जा सकेगी.
- जेल चौक के पास सड़क किनारे और भगवान बिरसा मुंडा के पास, लालपुर यातायात थाना के पास.
- सर्जना चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर सर्जना चौक और फिरायालाल के बीच बने पार्किंग स्थल पर भी वाहन खड़े किये जा सकेंगे.
- चुटिया से स्वर्णरेखा नदी जाने वाले मार्ग पर सरस्वती शिशु मंदिर के बगल में.
- बनस तालाब चुटिया और किशोरगंज चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे भी पार्किंग की व्यवस्था की गयी है.
- देवेंद्र मांझी चौक के पास निवरणपुर में भी वाहन पार्क किये जा सकेंगे.
पुलिस की अपील
छठ घाट जाने वाले श्रद्धालु निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें. इससे घाटों के आसपास जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा होगी.



