मंगलहाट में एक मकान में लगी आग, मामले में पांच पड़ोसियों के खिलाफ थाने में दर्ज कराई गई शिकायत।
मंगलहाट. राजमहल थाना क्षेत्र की सैदपुर पंचायत स्थित मलाहिटोला गांव में गुरुवार सुबह एक घर में आग लगने से हजारों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी. गनीमत रही कि घटना में किसी की जान नहीं गयी. जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे गांव निवासी बिजली बेवा रोज की तरह घरेलू कामकाज में व्यस्त थीं. इसी दौरान अचानक उनके घर में आग लग गयी. घटना के समय पूरा परिवार घर के भीतर मौजूद था. आग की तेज लपटें उठती देख परिजन शोर मचाते हुए किसी तरह बाहर निकले और अपनी जान बचायी.
ग्रामीणों ने बोरिंग और कुएं के पानी से बुझायी आग

परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गये. आग की लपटें काफी तेज थीं. ग्रामीणों ने सूझ-बूझ दिखाते हुए बोरिंग और कुएं के पानी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इससे आसपास के अन्य घरों में आग फैलने से बच गयी.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाने के एएसआइ दिनेश चंद्र हांसदा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. मौके पर जुटे लोगों के बीच आग लगने के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं.
पांच पड़ोसियों पर आग लगाने का आरोप
इसी बीच, पीड़िता बिजली बेवा ने पड़ोस के ही पांच लोगों पर घर में आग लगाने और घर को क्षतिग्रस्त करने सहित कई आरोप लगाये हैं. उन्होंने राजमहल थाना पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.



