साहिबगंज। साहिबगंज प्रखंड क्षेत्र के बड़ी कोदरजन्ना नया टोला में बाढ़ के पानी में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मुरारी मंडल की पत्नी पुष्पा देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि देर रात पुष्पा देवी शौच के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान बाढ़ के पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर एसआई अखिलेश कुमार सिंह पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि बाढ़ के पानी में डूबने से सदर प्रखंड क्षेत्र में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। खासकर रात के समय बाढ़ के पानी में आवागमन करने से बचने की जरूरत है। शौचालय सहित जरूरी सुविधाओं के अभाव में बाढ़ प्रभावित लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन भी लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील कर रहा है।



