दो दिवसीय कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारियों को दी जा रही जानकारी, त्रुटिरहित गणना पर जोर
साहिबगंज। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला पंचायती राज कार्यालय सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें जिला स्तरीय जनगणना पदाधिकारियों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और निर्धारित कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है।
सीएमएमएस पोर्टल और मैपिंग प्रक्रिया पर विशेष जोर :
प्रशिक्षण के दौरान सीएमएमएस पोर्टल के उपयोग, मैपिंग प्रक्रिया और जनगणना संबंधी दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि कोई भी व्यक्ति गणना से वंचित न रहे।
जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड के सहायक निदेशक राम भास्कर द्विवेदी और सांख्यिकी अन्वेषक वीरेंद्र कुमार गुप्ता ने प्रशिक्षण दिया। उन्होंने जनगणना के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी साझा की।
मौके पर अपर समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी विजय कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अनिल कुमार, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी उमेश कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी और सहायक चार्ज पदाधिकारी उपस्थित रहे।



