650वीं जयंती वर्ष पर देशभर में निकाली जा रही है कलश यात्रा, समरसता और सामाजिक सद्भाव का दिया संदे
साहिबगंज। संवाददाता। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार संचालित समरसता संकल्प अभियान के तहत रांची से निकली कलश वंदन रथ यात्रा बुधवार को साहिबगंज पहुंची। जिले में प्रवेश करते ही बरहेट स्थित भगवान सिदो-कान्हू की जन्मस्थली पर भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव के नेतृत्व में रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद भूतेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर संत गुरु रविदास महाराज के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
पूर्व विधायक अनंत ओझा ने सिर पर कलश रखकर किया स्वागत:

साहिबगंज नगर परिषद क्षेत्र के जिरवाबाड़ी पहुंचने पर पूर्व विधायक अनंत ओझा सहित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे एवं पुष्पवर्षा के साथ रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूर्व विधायक अनंत ओझा ने श्रद्धापूर्वक सिर पर कलश धारण कर पंचमुखी हनुमान मंदिर तक पदयात्रा की, जहां विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर अनंत ओझा ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं। “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की संकल्पना को साकार करने के लिए उनके आदर्शों को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
बाइक रैली के साथ शहर में निकाली गई कलश यात्रा:
कलश वंदन रथ यात्रा के साथ शहर में बाइक रैली भी निकाली गई। रथ यात्रा जिरवाबाड़ी, रसूलपुर दहला, जयंती ग्राम, मां बायसी मंदिर सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह रथ का स्वागत कर दर्शन-पूजन किया। मां बायसी मंदिर परिसर में कलश को स्थापित किया गया। इसके बाद अगले चरण में जिले के सभी प्रखंडों में कलश यात्रा निकाली जाएगी, जहां संत गुरु रविदास महाराज के जीवन, विचार और सामाजिक समरसता के संदेश का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इस अवसर पर धर्मेंद्र कुमार, श्यामल दास, राजेश मंडल, रामानंद साह, प्रेमलाल मंडल, अमृत पांडे, संजय पटेल, रमिता तिवारी, कुमारी गरिमा, चांदनी देवी, चंद्रभान शर्मा, विनोद चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




