बीएलओ को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, मतदाताओं से सूची का सत्यापन करने की अपील
बोरियो। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के अवसर पर सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेश्वर साव ने बुधवार को बोरियो प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर प्रदर्शित प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन कर बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने कहा कि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद सभी पात्र मतदाता अपने नाम, पता एवं अन्य विवरणों का सत्यापन अवश्य करें। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में दर्ज नहीं है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा एवं आपत्ति दर्ज कर उसका सुधार कराया जा सकता है। उन्होंने बीएलओ को मतदान केंद्रों पर आने वाले मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने तथा दावा-आपत्ति संबंधी प्रपत्रों की जानकारी देने का भी निर्देश दिया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान पर्यवेक्षक अर्जुन कुमार, बीएलओ रिक्ता देवी, सुशीला हांसदा सहित अन्य निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहे।




