साहिबगंज। संवाददाता। ईस्टर्न झारखंड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में चेम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) मेन ब्रांच के मुख्य प्रबंधक आलोक रंजन से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बाजार में ₹5, ₹10, ₹20 के सिक्कों तथा ₹50 और ₹100 के नोटों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि खुदरा राशि के अभाव में व्यापारियों को दैनिक कारोबार में परेशानी हो रही है। इस पर मुख्य प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही पर्याप्त खुदरा राशि मंगवाकर बैंक काउंटर से वितरण शुरू किया जाएगा तथा जिले की सभी एसबीआई शाखाओं में इसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। चेम्बर ने ग्राहक गोष्ठी आयोजित करने, सरकारी योजनाओं एवं डिजिटल बैंकिंग की जानकारी देने तथा पासबुक अपडेट की व्यवस्था को और सरल बनाने का भी आग्रह किया। बैठक में चेम्बर के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।




