सिमलढाब गांव में कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बरहेट/साहिबगंज। बरहेट थाना क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटाई एवं तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिमलढाब गांव में छापेमारी कर शीशम की अवैध रूप से चिरान की गई लकड़ी जब्त की। कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने शीशम के आठ पाटरा एवं तैयार चौखट बरामद किए। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।
वन विभाग को लगातार क्षेत्र में प्रतिबंधित एवं बहुमूल्य पेड़ों की अवैध कटाई और तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में अवैध रूप से तैयार लकड़ी को जब्त कर वन परिसर लाया गया। वन अधिकारियों ने बताया कि जब्त लकड़ी के संबंध में सिमलढाब निवासी गंगा साह के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध लकड़ी कटाई एवं तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




