साहिबगंज: मंडरो प्रखंड के प्लस-2 उच्च विद्यालय भगैया परिसर में बुधवार को प्रखंड के चार विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच साइकिल का वितरण किया गया। साइकिल मिलने से दूर-दराज के क्षेत्रों से स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान उत्क्रमित मध्य विद्यालय कालाझोर के दो छात्र एवं पांच छात्राओं, उत्क्रमित उच्च विद्यालय छोटा लक्ष्मी के तीन छात्रों, उत्क्रमित मध्य विद्यालय चुनाखरी के तीन छात्रों एवं पांच छात्राओं तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय घटियारी के 12 छात्रों एवं चार छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई।
इस तरह कुल 20 छात्रों और 14 छात्राओं सहित 34 विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। विद्यालय आने-जाने के लिए साइकिल मिलने पर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
मौके पर मंडरो के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मो. एहसान अहमद के अलावा फ्रांसिस सोरेन, सलोनी मरांडी, सिलास मुर्मू और शहाबुद्दीन अंसारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में साइकिल पाने वाले सभी 34 विद्यार्थी भी मौजूद रहे।




