युवाओं के लिए रोजगार का सशक्त मंच बना भर्ती-सह-निबंधन कैंप
साहिबगंज। युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, साहिबगंज में एक दिवसीय भर्ती-सह-निबंधन कैंप का आयोजन किया गया। कैंप श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड के तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कैंप में क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण प्राइवेट लिमिटेड एवं ब्लिंकिट सहित दो निजी क्षेत्र की कंपनियों ने भाग लिया। विभिन्न पदों के लिए उपलब्ध 160 रिक्तियों के विरुद्ध नियोजकों ने 15 अभ्यर्थियों का चयन किया, जबकि 13 अभ्यर्थियों का नियोजन पोर्टल पर निबंधन किया गया।
कैंप के माध्यम से युवाओं और नियोजकों के बीच सीधा समन्वय स्थापित हुआ। जिला नियोजनालय ने बताया कि भविष्य में भी रोजगार मेले और भर्ती कैंप आयोजित कर युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। मौके पर यंग प्रोफेशनल राजीव रंजन कुमार, लिपिक समीर जेवियर मरांडी सहित नियोजक प्रतिनिधि मौजूद रहे।



