साहिबगंज। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से संध्या महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. किरणमाला, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार एवं महाविद्यालय के प्राचार्य व प्रोफेसरों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को हृदय रोग के कारणों, बचाव के उपायों और स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी दी गई। डॉ. अमित कुमार ने हृदय को स्वस्थ रखने के उपाय बताए। डॉ. किरणमाला ने संतुलित व पौष्टिक आहार और नियमित व्यायाम अपनाने पर जोर दिया। सिविल सर्जन ने विद्यार्थियों को तंबाकू व नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ हृदय के लिए पौष्टिक आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और अनुशासित जीवनशैली जरूरी है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।



