तेजास’ के तहत युवाओं को नवाचार, प्रशिक्षण और वित्तीय सहयोग की दी जानकारी
साहिबगंज। सिद्धो-कान्हू सभागार में उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘तेजस’ जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग, स्टार्टअप इंडिया, झारखंड सरकार एवं जेआईआईडीसीओ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। उद्घाटन उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं संस्थान प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
युवाओं को उद्यम शुरू करने के अवसरों की जानकारी :
कार्यशाला में युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, व्यवसायिक विचारों को विकसित करने, नवाचार, प्रशिक्षण, मेंटरशिप, इन्क्यूबेशन और वित्तीय सहयोग से जुड़ी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बाजार से जुड़ाव और सरकारी योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध सहायता के बारे में भी बताया। प्रतिभागियों के सवालों का जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर :
उप विकास आयुक्त ने कहा कि युवाओं के नए विचारों को उचित मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर देकर व्यावहारिक उद्यम में बदला जा सकता है। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, महिला उद्यमियों, नवोन्मेषकों, कारीगरों एवं उभरते उद्यमियों को विशेषज्ञों और उद्यमिता से जुड़े हितधारकों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी उमेश कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी मनोज मनजीत, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राजेंद्र प्रसाद, ई ओ डी बी प्रबंधक चंद्रशेखर शर्मा, साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत सिंह, चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष राजेश अग्रवाल समेत अन्य मौजूद रहे।कार्यशाला के माध्यम से जिले में स्थानीय प्रतिभा, नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित कर युवाओं को उपलब्ध अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।



