बोरियो। उपायुक्त के निर्देश पर सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर साहिबगंज–गोविंदपुर मार्ग पर विशेष अभियान चलाया गया। कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, साहिबगंज के नेतृत्व में साहिबगंज से हरिणचरा मोड़ तक सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई-छंटाई की गई। सड़क के दोनों ओर फैली झाड़ियों को हटाने से वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता मिल सकेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित होगा।
इसके साथ ही सड़क के फ्लैंक पर जमा मिट्टी को भी हटाकर मार्ग को व्यवस्थित किया गया। अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा कोषांग के सदस्य भी मौजूद रहे और सड़क की स्थिति का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सहयोग दिया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे कार्य नियमित रूप से कराए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।



