बोरियो। बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सभागार में मंगलवार को कालाजार एवं मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. धर्मनाथ ठाकुर एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में कालाजार खोज पखवाड़ा के तहत 7 से 25 सितंबर तक चलाए गए अभियान की पूर्ण एवं अद्यतन रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया। वहीं, 1 से 12 अक्टूबर तक चयनित गांवों में इंटेंसिफाइड आईईसी कैंपेन चलाकर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा 1 अक्टूबर से प्रस्तावित आईआरएस के द्वितीय चक्र को माइक्रोप्लान के अनुसार समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। मलेरिया को लेकर सभी सहियाओं के पास आरडीके किट उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक बुखार पीड़ित की अनिवार्य रूप से जांच कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला वीबीडी सलाहकार डॉ. सत्ती बाबू डाबडा, डीपीओ पिरामल स्वास्थ्य श्रवण कुमार झा, बीपीएम विष्णु कुमार भगत, एमटीएस मनोहर पंडित, डब्ल्यूएचओ से सीधेश्वर कुमार सिंह, अभिषेक कुमार सहित बीटीटी, एमपीडब्ल्यू एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी निर्देशों का समय पर पालन करने को कहा।



