शहर के विकास और जनसुविधाओं को लेकर कई अहम फैसले
साहिबगंज। नगर परिषद सभागार में शनिवार को नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान की अध्यक्षता में स्थायी समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं माल्यार्पण करने का निर्णय लिया गया। वहीं स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, माल्यार्पण एवं प्रभात फेरी आयोजित करने पर सहमति बनी।इसके अलावा धोबी झरना के सौंदर्यीकरण और भारत माता की प्रतिमा स्थापित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। शौर्य चक्र से सम्मानित शहीद कुलदीप उरांव के प्रतिमा स्थल के चयन का प्रस्ताव पारित करते हुए स्थल के सौंदर्यीकरण का निर्णय लिया गया। वहीं सूर्यदेव चानन घाट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराने पर भी चर्चा हुई।बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष विनीता देवी, कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, लेखा पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी सहित स्थायी समिति के सदस्य एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




