उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के पूर्वी उधवा दियारा पंचायत स्थित नूर हाजी टोला निवासी करीम शेख (52) की मुंबई में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार करीम शेख करीब दो माह पहले रोजगार की तलाश में मुंबई गए थे, जहां नारियल पानी बेचकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। गुरुवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर साथियों ने उन्हें अंधेरी स्थित कूपर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि करीम शेख मेहनती और मिलनसार व्यक्ति थे तथा परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थे। परिजनों के अनुसार शव को हवाई मार्ग से कोलकाता लाया जाएगा, जहां से एंबुलेंस के जरिए पैतृक गांव पहुंचाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।




