बरहरवा/साहिबगंज। गुमानी रेलवे स्टेशन पर मालदा–हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस के स्थायी ठहराव की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। नवझारखंड जनएकता संगठन ने इस संबंध में हावड़ा मंडल के डीआरएम को ज्ञापन सौंपकर जनहित में जल्द निर्णय लेने की मांग की है। संगठन के अध्यक्ष फारोग अहसान ने कहा कि गुमानी एवं आसपास के हजारों छात्र, व्यापारी, किसान, मरीज और नौकरीपेशा लोग प्रतिदिन रेल सेवा पर निर्भर हैं, लेकिन इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव नहीं होने से उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस मांग को लेकर कई बार ज्ञापन, धरना और शांतिपूर्ण आंदोलन किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। संगठन ने रेलवे प्रशासन से शीघ्र स्थायी ठहराव सुनिश्चित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांग की अनदेखी जारी रही तो क्षेत्र की जनता के साथ चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन, धरना-प्रदर्शन, रेल रोको और रेल चक्का जाम जैसे कार्यक्रम चलाए जाएंगे। ज्ञापन की प्रतिलिपि पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक, रेलवे बोर्ड एवं संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।




