तीन माह से लंबित अपील मोटेशन मामलों के शीघ्र समाधान का मिला आश्वासन
बरहरवा/साहिबगंज। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने शुक्रवार को झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुआ से मुलाकात कर साहिबगंज जिले के बरहरवा अंचल में अपील मोटेशन से जुड़ी तकनीकी समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने बताया कि तकनीकी खामी के कारण करीब 200 अपील मोटेशन के मामले पिछले तीन माह से लंबित पड़े हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऑनलाइन लॉगिन की तकनीकी खामी बनी वजह:
विधायक निसात आलम ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों से शिकायत मिलने के बाद उन्होंने अंचलाधिकारी एवं संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली। जांच में पता चला कि अंचलाधिकारी के ऑनलाइन लॉगिन में अपील मोटेशन के दौरान जारी होने वाले शुद्धि पत्र में क्रेता और विक्रेता का विकल्प प्रदर्शित नहीं हो रहा है, जिससे जमीन खरीद-बिक्री करने वाले व्यक्ति का नाम स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। इसी कारण अपील मोटेशन की प्रक्रिया बाधित है, जबकि सामान्य (रेगुलर) मोटेशन का कार्य सुचारु रूप से जारी है।
मंत्री ने सचिव को दिए त्वरित समाधान के निर्देश:
विधायक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री दीपक बिरुआ ने विभागीय सचिव को तत्काल तकनीकी समस्या दूर करने का निर्देश दिया है, ताकि लंबित अपील मोटेशन का जल्द निष्पादन हो सके और लोगों को राहत मिल सके। विधायक ने उम्मीद जताई कि विभाग शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करेगा, जिससे बरहरवा अंचल के लोगों को मोटेशन से जुड़ी परेशानियों से निजात मिलेगी।




