उधवा। प्रखंड क्षेत्र के अमानत दियारा पंचायत अंतर्गत काठाली टोला गांव में बीते दिनों 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को उमस भरी गर्मी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, शाम होते ही गांव में अंधेरा छा जाने से स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, 5 अगस्त को अचानक 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया, जिसके बाद से गांव में बिजली संकट उत्पन्न हो गया है। लगातार कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है। इधर, उपभोक्ताओं की समस्या को देखते हुए शनिवार को अमानत दियारा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कादिर शेख ने सहायक विद्युत अभियंता को लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से उन्होंने गांव की मौजूदा विद्युत समस्या से विभागीय अधिकारी को अवगत कराया।मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि गांव में लंबे समय से बिजली की समस्या बनी हुई है और वर्तमान में ट्रांसफार्मर जल जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ ग्रामीणों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।उन्होंने विद्युत विभाग से काठाली टोला में जल्द से जल्द 100 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और विद्युत आपूर्ति सामान्य हो सके।




