साहिबगंज। संवाददाता। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत मुख्य समारोह स्थल सिदो-कान्हू स्टेडियम में परेड का पूर्वाभ्यास शुरू हो गया है। सार्जेंट मेजर के नेतृत्व में आयोजित पूर्वाभ्यास में जिला सशस्त्र बल, जैप-09, गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी, गर्ल्स गाइड की वरिष्ठ एवं कनिष्ठ टुकड़ियों के जवानों और छात्राओं ने हिस्सा लिया।
इसके अलावा साहिबगंज कॉलेज, राजस्थान इंटर विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय एवं संत जेवियर्स स्कूल के 25-25 विद्यार्थियों की टुकड़ियां भी परेड में शामिल हुईं। चौकीदार पुरुष एवं महिला की टुकड़ियों ने भी पूर्वाभ्यास किया। परेड के दौरान जवानों और विद्यार्थियों ने कदमताल एवं अनुशासन के साथ निर्धारित गतिविधियों का अभ्यास किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य भी तेज कर दिया गया है।
13 अगस्त को होगा अंतिम पूर्वाभ्यास
अधिकारियों के अनुसार 13 अगस्त को परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इसमें उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी शामिल होकर तैयारियों का जायजा लेंगे।




