साहिबगंज/उधवा। उधवा झील पक्षी आश्रयणी क्षेत्र में वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गश्ती अभियान के दौरान अवैध रूप से संरक्षित क्षेत्र में प्रवेश कर वन्यजीवों एवं वन संपदा को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे वन विभाग की टीम नियमित गश्ती पर थी। इसी दौरान एक व्यक्ति नाव के माध्यम से संरक्षित क्षेत्र में प्रवेश कर जाल लगाकर वन्यजीवों और वन उत्पादों को नुकसान पहुंचाता हुआ दिखाई दिया। वन विभाग की टीम को देखते ही वह नाव लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
घटनास्थल से नाव एवं जाल को जब्त कर वन क्षेत्र कार्यालय तालझारी लाया गया। वन विभाग के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति पूर्व में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त रह चुका है।वन विभाग ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उधवा झील पक्षी आश्रयणी जैसे संरक्षित क्षेत्रों में वन्यजीवों एवं वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही पक्षी आश्रयणी क्षेत्र में अनाधिकृत प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित है।यह कार्रवाई वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे के नेतृत्व में की गई। अभियान में प्रभारी वनपाल राणा रंजीत, प्रधान वनरक्षी अखिलेश मरांडी, प्रेम कुमार, पप्पू कुमार सहित अन्य वनकर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही।




