राजमहल। तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के हथिगड़-सगड़भंगा मुख्य सड़क पर केसाखापाड़ गांव के समीप गुरुवार की देर रात बाइक दुर्घटना में सगड़भंगा निवासी पवन रविदास की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पवन रविदास गुरुवार रात करीब 11 बजे बाइक से केसाखापाड़ से अपने गांव सगड़भंगा लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के बीच उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल राजमहल ले गए, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी पोदो मुनि देवी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। पति की मौत की खबर सुनने के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो रही थीं। घटना से पूरे परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



