साहिबगंज। ईदगाह व कब्रिस्तान कमेटी की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर शनिवार को शहर के एलसी रोड स्थित बिस्मिल्लाह मैरिज हॉल में चुनाव होगा। मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव समिति के पर्यवेक्षक मोहम्मद शाहिद इकबाल ने बताया कि मतदान सुबह 8 बजे से 11 बजे तक कराया जाएगा। इसमें शहर की विभिन्न मस्जिदों से चयनित सदस्य अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।



