साहिबगंज। झारखंड के लिए गौरव की बात है कि साहिबगंज के लालू कुमार यादव का 52वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप (बालक वर्ग) के लिए तकनीकी अधिकारी के रूप में चयन हुआ है। अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से जारी चयन पत्र के अनुसार प्रतियोगिता 1 से 4 नवंबर 2026 तक बिहार के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लालू कुमार यादव तकनीकी अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। उनके चयन से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला कबड्डी संघ के सचिव वीरेंद्र कुमार, अध्यक्ष नवनीत कुमार सोनू तथा साहिबगंज कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. रंजीत कुमार सिंह सहित खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



