बोरियो। वन विभाग की टीम ने शुक्रवार की अहले सुबह अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16 बोटा सखुआ लकड़ी लदे टाटा 207 पिकअप वाहन को जब्त किया है। हालांकि, वन विभाग की टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन से अवैध रूप से सखुआ लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे एडीबी रोड स्थित देवपहाड़ मोड़, बांझी के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर पिकअप से 16 बोटा सखुआ लकड़ी बरामद हुई।
कार्रवाई उप वन परिसर पदाधिकारी अंकित झा के नेतृत्व में की गई। वन विभाग ने लकड़ी समेत वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग की ओर से अवैध लकड़ी के कारोबार और वन संपदा की तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी अभियान जारी है।



