मदनशाही में अर्द्धबेहोशी की हालत में मिली 32 वर्षीय महिला, पुलिस ने आरोपी को भेजा न्यायिक हिरासत में
साहिबगंज। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के मादानशाही में शनिवार देर शाम रेलवे लाइन के किनारे एक अज्ञात महिला घायल अवस्था में मिली। महिला अर्द्धबेहोशी की हालत में थी और उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर जिरवाबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
महिला की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। चिकित्सक डॉ. अंकित कुमार के अनुसार महिला गंभीर रूप से घायल है और फिलहाल घटना के संबंध में बयान देने की स्थिति में नहीं है।
स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा :
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके से एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। उसकी पहचान लोहंडा निवासी द्वारपाल, पिता जंगली महतो के रूप में हुई। पुलिस ने पूछताछ के बाद जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या 181/26 दर्ज किया और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला महिला से कथित छेड़खानी से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि घटना की पूरी वजह महिला के बयान और पुलिस अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट होगी। स्थानीय लोगों के अनुसार महिला को अक्सर साक्षरता मोड़ के आसपास देखा जाता था।



