22 से 24 नवंबर तक चलेगा अभियान, पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
बरहरवा: पल्स पोलियो अभियान 2026 की तैयारियों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बरहरवा के सभागार में सोमवार को प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सरिता टुडू की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में सुपरवाइजर एवं सब-डिपो होल्डर को अभियान के सफल संचालन के लिए प्रशिक्षित किया गया।
3 नवंबर तक माइक्रोप्लान जमा करने का निर्देश :
प्रशिक्षण में बताया गया कि आगामी 22 से 24 नवंबर 2026 तक चलने वाले अभियान के दौरान शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने सभी सुपरवाइजर को तीन नवंबर तक माइक्रोप्लान कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया, ताकि समय पर समेकित कर जिला कार्यालय भेजा जा सके। उन्होंने टीकाकर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर माइक्रोप्लान को अद्यतन करने पर भी जोर दिया।
जिला से आए डॉ. सुमित कुमार, अभिषेक कुमार, अर्जुन दास एवं सुबोध कुमार ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। मौके पर डॉ. नवल किशोर साहा, बीपीएम संजय कुमार सिंह, प्रताप कुमार, सोनल टुडू सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।



