साहिबगंज महाविद्यालय के प्रो. कुमार प्रशांत भारती को NSS राज्यस्तरीय कार्यशाला में प्रशिक्षक-सह-अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। वे वित्तीय प्रबंधन पर प्रशिक्षण देंगे.
साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर प्रो. कुमार प्रशांत भारती को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) +2 इकाई, झारखंड की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय बैठक-सह-कार्यशाला में प्रशिक्षक-सह-अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। कार्यशाला 30 अक्टूबर को रांची स्थित जिला स्कूल के मल्टीपरपस हॉल में आयोजित होगी। इसमें झारखंड के विभिन्न विद्यालयों के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी शामिल होंगे।
वित्तीय प्रबंधन और एनएसएस गतिविधियों पर प्रशिक्षण
दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल की क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक सह राष्ट्रीय सेवा योजना (+2 इकाई), झारखंड की राज्य कार्यक्रम समन्वयक नीलम आईलीन टोप्पो ने पत्र भेजकर प्रो. कुमार प्रशांत भारती को कार्यशाला में शामिल होने का अनुरोध किया है।
कार्यशाला में विद्यालयों के कार्यक्रम पदाधिकारियों को लेखा संधारण, जीरो बैलेंस सेविंग अकाउंट (जेडबीएसए) खोलने और उसके रखरखाव तथा पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) के संचालन की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों और माई भारत कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों, कार्यक्रम पदाधिकारियों एवं विद्यालयों के पंजीयन की प्रक्रिया पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राज्यस्तरीय समिति के निर्णय के आधार पर आयोजन
पत्र के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को आयोजित राज्यस्तरीय सलाहकार समिति की बैठक के प्रस्ताव संख्या छह में लिए गए निर्णय के आलोक में कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य एनएसएस से आच्छादित विद्यालयों के कार्यक्रम पदाधिकारियों को योजना के संचालन, वित्तीय प्रबंधन और गतिविधियों के क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक जानकारी देना है।
प्रो. कुमार प्रशांत भारती को प्रशिक्षक-सह-अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाना साहिबगंज महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। कार्यशाला में उनके माध्यम से राज्य के विभिन्न विद्यालयों के कार्यक्रम पदाधिकारियों को संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी और प्रशिक्षण दिया जाएगा।



