संगठन विस्तार और श्रमिकों की समस्याओं के समाधान पर दिया जोर
राजमहल। राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में बुधवार को भारतीय कामगार श्रमिक संघ की ओर से श्रमिक हित, संगठन विस्तार और जनसेवा को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गया प्रसाद शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजमहल नगर पंचायत उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू, राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला विंग मधुलिका मेहता और दीप फाउंडेशन के चेयरमैन विनोद कुमार शाह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान डॉ. गया प्रसाद शर्मा ने संगठन की गतिविधियों और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों, मजदूरों, कर्मचारियों और जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाकर समाधान के लिए प्रयास करना है।
श्रमिकों को जागरूक करने पर जोर :
कार्यक्रम में संगठन को मजबूत बनाने, अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और श्रमिकों के हित में सामूहिक रूप से कार्य करने पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने श्रमिकों की समस्याओं के समाधान और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। मौके पर झारखंड प्रदेश लीगल विंग के अध्यक्ष अधिवक्ता अनंत राय, केंद्रीय कार्यालय मंत्री शुभम शर्मा सहित संघ के अन्य सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद थे।



