अध्यक्ष और एक सदस्य की पात्रता पर उठे सवाल, शिक्षा विभाग की टीम ने की पूछताछ
राजमहल। राजमहल प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की प्रबंधन समिति के गठन को लेकर उठे सवालों के बाद बुधवार को शिक्षा विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर जांच-पड़ताल की। समिति के अध्यक्ष जुमराती शेख और सदस्य चंपा देवी की पात्रता को लेकर समाजसेवी हिना शेख ने शिक्षा विभाग में आवेदन देकर जांच की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय की प्रबंधन समिति में कुल 19 सदस्य हैं, जिनमें 13 महिलाएं शामिल हैं। समिति का अध्यक्ष जुमराती शेख को बनाया गया है। हिना शेख ने अपने आवेदन में सवाल उठाया कि जुमराती शेख के नाम पर न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद उन्हें अध्यक्ष कैसे बनाया गया। वहीं, चंपा देवी वर्तमान में तीनपहाड़ पंचायत की मुखिया हैं। उनकी सदस्यता को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
आवेदन की जांच के लिए शिक्षा विभाग की ओर से गठित टीम में सीआरपी कौशल कुमार और बीआरसी मजरुल हक शामिल थे। दोनों ने विद्यालय में समिति के सदस्यों को बुलाकर पूछताछ की। इस दौरान चंपा देवी से राजमहल निवासी होने का निवास प्रमाण पत्र मांगा गया। वहीं, अध्यक्ष जुमराती शेख ने स्वीकार किया कि उनके खिलाफ न्यायालय में विवाद से संबंधित मामला चल रहा है।
जांच के दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रीमा पाठक, नगर पंचायत उपाध्यक्ष मोहम्मद मारूफ शेख, हिना शेख और शिक्षक महबूब आलम सहित अन्य लोग मौजूद थे। जांच के निष्कर्ष और समिति की पात्रता पर शिक्षा विभाग के अंतिम निर्णय की प्रतीक्षा है।



