परिवहन विभाग ने 40 वाहनों पर ₹1.30 लाख का भारी जुर्माना लगाया है. नशे में ड्राइविंग और अन्य उल्लंघनों पर की गई सख्त कार्रवाई.
साहिबगंज. बोरियो थाना क्षेत्र में देर रात परिवहन विभाग की सघन वाहन जांच में 40 वाहन नियमों का उल्लंघन करते पकड़े गये. इन वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 1,30,600 रुपये जुर्माना वसूला गया. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया.
40 वाहनों पर कार्रवाई, 1.30 लाख जुर्माना वसूला
अभियान के दौरान सभी प्रकार के वाहनों की सघन जांच की गयी. मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले 40 वाहनों के विरुद्ध चालान काटा गया. इनसे कुल 1,30,600 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया.
ब्रेथ एनालाइजर से भी हुई जांच
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गयी. इसके माध्यम से नशे की हालत में वाहन चलाने यानी ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों की पहचान करने का प्रयास किया गया.
अभियान में ये अधिकारी रहे शामिल
अभियान में मोटरयान निरीक्षक कुमार उत्कर्ष, थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पराशर, आईटी सहायक राजहंस सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे.
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित जांच अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.



