20 नवंबर तक संभागीय टीम गठित करने का लक्ष्य, नदी और तालाब संरक्षण के कार्यों पर दिया जोर
राजमहल/संवाददाता। गंगा समग्र की प्रांत स्तरीय बैठक रविवार को रांची के बरियातू स्थित आरोग्य भवन में आयोजित हुई। बैठक में अखिल भारतीय राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष जी एवं राष्ट्रीय मंत्री रमाशंकर सिन्हा उपस्थित रहे। संगठन मंत्री ने झारखंड प्रांत को रांची, हजारीबाग और देवघर तीन संभागों में विभाजित करने की जानकारी दी। इस दौरान रांची संभाग के लिए रत्नेश कुमार, हजारीबाग के लिए संजय कुमार सिंह तथा देवघर संभाग के लिए भूदेव कुमार को संयोजक घोषित किया गया।
20 नवंबर तक टीम गठन का निर्देश :
रामाशीष जी ने 20 नवंबर तक तीनों संभागों की पूरी टीम गठित करने तथा सभी जिलों में संयोजक नियुक्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने नदी और तालाब संरक्षण सहित गंगा समग्र के विभिन्न आयामों पर सक्रियता से कार्य करने पर जोर दिया।
वहीं रमाशंकर सिन्हा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रयास और प्रवास से संगठन का विस्तार होता है। बैठक में रांची संभाग की बैठक 5 दिसंबर और देवघर संभाग की बैठक 6 दिसंबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया। मौके पर डॉ. देवव्रत गुप्ता, जय किशोर पाठक सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।



