फरक्का में पत्थर लदे वाहनों से कथित अवैध वसूली पर भाजपा नेत्री अर्पिता दास ने बंगाल CM को पत्र लिखा. क्या है पूरा मामला? जानिए.
फरक्का. साहिबगंज जिले के बरहरवा नगर पंचायत की अध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री अर्पिता दास ने फरक्का फाड़ी थाना क्षेत्र में पत्थर लदे वाहनों को रोकने, कथित अवैध वसूली और पत्थर खाली कराने के आरोपों को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
वैध दस्तावेज के बावजूद तीन वाहन रोके जाने का आरोप
पत्र में आरोप लगाया गया है कि 25 अक्टूबर 2026 को झारखंड से वैध माइनिंग चालान और आवश्यक दस्तावेजों के साथ मालदा जा रहे तीन पत्थर लदे वाहनों को फरक्का फाड़ी थाना क्षेत्र में रोका गया था. इनमें वाहन संख्या WB59C 5550, JH16G 9716 और JH16H 3849 शामिल हैं. आरोप है कि इन वाहनों के खिलाफ ओवरलोडिंग के मामले में कार्रवाई की गयी.
कथित वसूली और पत्थर खाली कराने की शिकायत
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मामले को मैनेज करने और चार्जशीट न्यायालय भेजने के नाम पर कथित तौर पर वाहन मालिकों से नजराना लिया जाता है. इसके बाद वाहन रिलीज होने के बावजूद उसमें लदा पत्थर खाली करने के बाद ही वाहन ले जाने की बात कही गयी.
वरिष्ठ अधिकारियों से जांच कराने की मांग
अर्पिता दास ने पूरे मामले की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा है कि आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.



