साहिबगंज। कार्तिक मास के चौथे दिन शुक्रवार को मुक्तेश्वर धाम स्थित उत्तरवाहिनी गंगा के सीढ़ी घाट पर कार्तिक स्नान को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। दर्जनों महिलाओं ने ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद तुलसी पूजन कर तुलसी-शालिग्राम की कथा सुनी और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मान्यता के अनुसार कार्तिक मास में महिलाएं पूरे महीने प्रतिदिन गंगा स्नान कर भगवान विष्णु और तुलसी की पूजा करती हैं। कई दशकों से चली आ रही यह परंपरा इस वर्ष भी 27 अक्टूबर से शुरू हुई है, जिसका समापन 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर होगा। इस दिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया जाएगा। पूजा में बीना देवी, संतोषी देवी, कल्याणी देवी, पूनम देवी, कल्पना देवी, आशा देवी और राधिका देवी सहित कई महिलाएं शामिल हुईं।



