झारखंड में 306 विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती हो रही है. 8 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो रहे हैं. जानिए योग्यता और आवेदन की अंतिम तिथि.
रांची : झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को विशेषज्ञ चिकित्सकों से मजबूत करने की तैयारी शुरू हो गयी है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कुल 306 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जायेगी. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी. इच्छुक अभ्यर्थी 31 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे. 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पद
विभाग की ओर से 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों पर नियुक्ति की जायेगी. इन पदों के लिए एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, फॉरेंसिक साइंस, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, पैथोलॉजी, मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी समेत विभिन्न विशेषज्ञताओं को शामिल किया गया है. इन पदों पर नियुक्ति विशुद्ध रूप से अनुबंध के आधार पर होगी. नियुक्ति विज्ञापन में निर्धारित नियम और शर्तों के अनुसार की जायेगी.
NHM में 106 विशेषज्ञ चिकित्सकों की बहाली
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति होगी. इनमें एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी जैसी विशेषज्ञताएं शामिल हैं. चयनित चिकित्सकों की पोस्टिंग विज्ञापन के अनुलग्नक-I में निर्धारित स्वास्थ्य संस्थानों और स्थानों के अनुसार की जायेगी. इन चिकित्सकों की नियुक्ति एनएचएम के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए होगी.
MBBS के साथ PG डिग्री या डिप्लोमा जरूरी
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास एमबीबीएस की डिग्री होना अनिवार्य है. इसके साथ संबंधित विशेषज्ञता में एनएमसी से मान्यता प्राप्त संस्थान से पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए. संबंधित मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण भी जरूरी है. दोनों श्रेणियों के पदों के लिए न्यूनतम आयु 23 वर्ष और अधिकतम आयु 64 वर्ष निर्धारित की गयी है. आयु की गणना के लिए कटऑफ तिथि 31 अक्टूबर 2026 रखी गयी है.
8 अक्टूबर से आवेदन, 31 अक्टूबर अंतिम तिथि
दोनों श्रेणियों के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 8 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे से शुरू होगा. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक है. आवेदन केवल निर्धारित ऑनलाइन भर्ती पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किये जायेंगे.
इच्छुक अभ्यर्थी झारखंड रूरल हेल्थ मिशन सोसाइटी की वेबसाइट www.jrhms.jharkhand.gov.in और भर्ती पोर्टल www.recruitment.jharkhand.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.



