झारखंड में CHO के 1038 पदों पर संविदा नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू। 31 अक्टूबर से 22 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करें। बीएससी नर्सिंग और सीपीसीएच डिग्री अनिवार्य।
Jharkhand CHO Vacancy 2026: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों यानी सीएचओ के 1038 रिक्त पदों पर संविदा आधारित नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन सोसाइटी (जेआरएचएमएस) ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है. इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 31 अक्तूबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन की अंतिम तिथि 22 नवंबर 2026 निर्धारित की गयी है. यह नियुक्ति प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए संविदा पर होगी. चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 25 हजार रुपये मानदेय दिया जायेगा.
बीएससी नर्सिंग और सीपीसीएच जरूरी
विज्ञापन के अनुसार, आवेदन के लिए अभ्यर्थी के पास बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री होना जरूरी है. इसके साथ सामुदायिक स्वास्थ्य में सर्टिफिकेट प्रोग्राम (सीपीसीएच) का एकीकृत पाठ्यक्रम भी अनिवार्य है. यह योग्यता मान्यता प्राप्त नर्सिंग कॉलेज से प्राप्त होनी चाहिए. विज्ञापन के मुताबिक संबंधित पाठ्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2016-2020 या उसके बाद उत्तीर्ण होना चाहिए.
31 अक्तूबर से 22 नवंबर तक आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन प्रक्रिया 31 अक्तूबर से शुरू होकर 22 नवंबर 2026 तक चलेगी. योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी संबंधित भर्ती विज्ञापन में देखी जा सकती है. आवेदन के लिए jrhms.jharkhand.gov.in और recruitment.jharkhand.gov.in वेबसाइट का उपयोग किया जा सकता है.
1038 पदों का श्रेणीवार ब्योरा
| श्रेणी | पद |
| अनारक्षित | 253 |
| आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) | 104 |
| अनुसूचित जनजाति (ST) | 280 |
| अनुसूचित जाति (SC) | 288 |
| पिछड़ा वर्ग-1 (BC-I) | 55 |
| पिछड़ा वर्ग-2 (BC-II) | 58 |
| कुल | 1038 |



