सिद्धो-कान्हू सभागार में जुटे 800 से अधिक अभ्यर्थी, 16 नियोजकों ने लिया हिस्सा
साहिबगंज। साहिबगंज के सिद्धो-कान्हू सभागार में गुरुवार को श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड के तत्वावधान में जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर की ओर से एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेले का आयोजन किया गया। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, उप विकास आयुक्त सतीश चन्द्रा और जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मेले में 800 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से विभिन्न पदों के लिए 142 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर :
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने नियोजकों और अभ्यर्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि रोजगार मेले युवाओं को उनकी योग्यता और दक्षता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को एनएपीएस प्रशिक्षण और कौशल विकास प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही जिला नियोजनालय की ओर से नियमित रूप से रोजगार मेले आयोजित करने की पहल की सराहना की।

उप विकास आयुक्त सतीश चन्द्रा ने भी युवाओं से रोजगार मेलों में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान उपायुक्त और उप विकास आयुक्त ने संयुक्त रूप से चार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र तथा तीन अभ्यर्थियों को कौशल प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
16 नियोजकों ने विभिन्न पदों के लिए की चयन प्रक्रिया :
रोजगार मेले में कुल 16 नियोजक शामिल हुए, जिनमें 10 निजी क्षेत्र के नियोजक साहिबगंज जिले से संबंधित थे। नर्स, ऑप्टोमेट्रिस्ट, डॉक्टर, कंप्यूटर ऑपरेटर, शिक्षक, फार्मासिस्ट, फैशन डिजाइनर, सुरक्षा गार्ड, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, मशीन ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इन पदों के लिए दसवीं, बारहवीं, स्नातक, डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अवसर दिया गया।
मेले में चयनित 142 अभ्यर्थियों में से 117 को शॉर्टलिस्ट किया गया। इसके अतिरिक्त, जिला उद्योग विभाग, जेएसएलपीएस और आरएसईटीआई की ओर से 65 अभ्यर्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना रहा।



