मधुबनी। एक वर्ष पहले शादी के बाद नई जिंदगी के सपने संजोकर ससुराल पहुंची एक विवाहिता के साथ कथित रूप से दहेज के लिए मारपीट और प्रताड़ना की गई। आरोप है कि शराब के नशे में पति ने जलती सिगरेट से उसके प्राइवेट पार्ट को दाग दिया। पीड़िता ने मामले में पति, ससुर समेत पांच लोगों के विरुद्ध पतौना थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि शादी के शुरुआती कुछ दिन ठीक रहे। इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर ताने और मारपीट शुरू हो गई। पति शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। आरोप है कि एक दिन उसने हद पार करते हुए जलती सिगरेट से उसके प्राइवेट पार्ट को दाग दिया। इससे उसे गंभीर चोट आई।
पंचायत में हुआ था समझौता
घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे। रिश्तेदारों की ओर से समझाने का प्रयास किया गया। मामला सामाजिक पंचायत तक पहुंचा। पंचायत में दोनों पक्षों के बीच साथ रहना संभव नहीं होने पर अलग होने का निर्णय लिया गया। इसके लिए वन टाइम सेटलमेंट के तहत 5.50 लाख रुपये देने पर सहमति बनी। 29 जून 2026 तक राशि देने की बात तय हुई और इसका पंचनामा भी तैयार किया गया।
समझौते के बाद फिर बाइक की मांग
पीड़िता के अनुसार, उसे लगा कि समझौते के बाद उसे ससुराल की प्रताड़ना से मुक्ति मिल जाएगी। आरोप है कि पांच जुलाई को ससुराल पक्ष के लोग समझौते से मुकर गए और तय राशि देने से इन्कार कर दिया। इसके बाद मायके से मोटरसाइकिल लाने की मांग की गई। मांग पूरी नहीं करने पर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।थानाध्यक्ष अनुराग कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



